WhatsApp Image 2023-07-22 at 7.37.05 PM

यमुना नदी में 21 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, बाढ़ का खतरा
— रविवार को दिखेगा रौद्र रूप, प्रशासन ने जारी किया हाईअलर्ट, खादर क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी
कैराना। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से शनिवार को यमुना नदी में अलग—अलग फेज में रिकॉर्ड 21.17 लाख क्यूसेक पानी प्रवाहित किया गया है। इससे रविवार को यमुना नदी रौद्र रूप में नजर आएगी और जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। वहीं, बाढ़ का खतरा भी सता रहा है, जिससे तटवर्ती गांवों के लोग सहमे हुए हैं। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में हाईअलर्ट घोषित किया गया है। साथ ही, खादर क्षेत्र में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।
पिछले एक सप्ताह से यमुना नदी के जलस्तर में उतार—चढ़ाव का सिलसिला चल रहा है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा कम होने के चलते हरियाणा के जिला यमुनानगर में स्थित हथिनीकुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़ने की मात्रा भी कम हो रही थी, जिससे धीरे—धीरे यमुना नदी का जलस्तर सामान्य हो रहा था। शुक्रवार शाम चार बजे यमुना ब्रिज पर बहाव 230.50 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया था। जबकि अधिकतम 33338 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। शनिवार सुबह आठ बजे भी जलस्तर में गिरावट के साथ ही बहाव 229.93 मीटर दर्ज किया गया। ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक घंटा—दर—घंटा 21.17 लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया। नतीजतन, जलस्तर में वृद्धि शुरू हो गई। शाम छह बजे के करीब यमुना ब्रिज पर जलस्तर 230.30 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यहां से चेतावनी बिंदु 231 मीटर और खतरे का निशान 231.50 मीटर पर है। बताया जा रहा है कि यमुना नदी में छोड़े गए पानी से रविवार को जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। इसी को लेकर बाढ़ का खतरा भी सता रहा है। खादर क्षेत्र के किसानों के साथ ही आसपास गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ती नजर आ रही है। लोग सहमे हुए हैं। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा चारों बाढ़ चौकियों तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को खादर में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को यमुना में छोड़े गए पानी की स्थिति
समय            मात्रा
सुबह 6:00 बजे     54570 क्यूसेक
सुबह 8:00 बजे     68357 क्यूसेक
सुबह 9:00 बजे     147857 क्यूसेक
सुबह 10:00 बजे     209042 क्यूसेक
सुबह 11:00 बजे      223054 क्यूसेक
दोपहर 12:00 बजे     240825 क्यूसेक
दोपहर 1:00 बजे     241518 क्यूसेक
दोपहर 2:00 बजे     251987 क्यूसेक
दोपहर 3:00 बजे      242905 क्यूसेक
शाम 4:00 बजे     232566 क्यूसेक
शाम 5:00 बजे      204436 क्यूसेक

10 दिन पहले भी तबाही मचा चुकी है यमुना
11 जुलाई को यमुना नदी में अधिकतम 320893 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इसके बाद जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। ब्रिज के निकट स्थित छठमैया का मंदिर बह गया था, तो सहपत गांव के निकट तटबंध टूट गया था। हालांकि, बामुश्किल मरम्मत करा दी गई थी। इसके अलावा हजारों बीघा फसलों को भी यमुना नदी तबाह कर चुकी है। अब फिर से चिंताएं बढ़ रही हैं।

इन्होंने कहा—
हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़ा गया है। विभाग की ओर से खादर क्षेत्र में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।
— आशु कुमार, जेई, ड्रेनेज विभाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!