कैराना शामली

नंगलाराई में खनन से बने कुंड में डूबा किशोर

– मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा, गोताखोर कर रहे हैं किशोर की तलाश
कैराना। नंगलाराई में वैध पट्टे की आड़ में युद्धस्तर पर हुए खनन से बने गहरे कुंड में एक किशोर डूब गया। वह यमुना नदी में मछली पकड़ने के लिए गया था, तभी यह हादसा हो गया। देर शाम तक गोताखोर यमुना नदी में किशोर की तलाश में जुटे हुए थे।
कांधला के मोहल्ला शांतिनगर निवासी साजिद (16) अपने बड़े भाई शाहनवाज के साथ क्षेत्र के गांव नंगलाराई खेड़ा में अपने जीजा राशिद के घर आया हुआ था। शुक्रवार के दोपहर करीब तीन बजे दोनों भाई नंगलाराई में ही यमुना नदी में मछली पकड़ने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों भाई यमुना पार करके हरियाणा की ओर गांव नवादा व तमाशाबाद के बीच पहुंच गए। जहां साजिद यमुना के गहरे कुंड में डूब गया, जिस पर उसके भाई ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के किसान एकत्र हो गए और मामले की सूचना ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों को यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन के लिए लगाया गया। उधर, हरियाणा से भी करीब आधा दर्जन गोताखोर यमुना नदी में लगाए गए। लेकिन, देर शाम तक भी किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। हल्का इंचार्ज एसआई सुरेश वीर ने बताया कि किशोर की तलाश में गोताखोर लगाए गए हैं।

माफिया ने हरियाणा तक छलनी की यमुना
नंगलाराई में खनन माफियाओं का बोलबाला रहा है। इसी के चलते कोर्ट और एनजीटी की गाइडलाइन के विरुद्ध युद्धस्तर पर खनन होता रहा है। वैध पट्टे की आड़ में न सिर्फ यूपी बल्कि हरियाणा की भूमि को भी खनन माफियाओं द्वारा छलनी किया गया। हरियाणा प्रशासन की जांच के दौरान खनन माफियाओं का खेल उजागर हुआ था, जिसके बाद हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली थाने में खनन ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

जुर्माना में सिमट जाती है कार्रवाई
वैध पट्टे की आड़ में नियमों के विरुद्ध खनन को लेकर नंगलाराई के ग्रामीण आवाज़ भी उठाते रहे हैं। खनन प्वाइंट के चर्चाओं में आने के बाद स्थानीय तहसील एवं जिला प्रशासन की टीम भी जांच को पहुंचती रही है। इसके अलावा एनजीटी की ओर से गठित विशेष टीम भी खनन प्वाइंट पर आई थी। मौके पर भारी अनियमितताएं उजागर होती रही है। इसी के चलते जुर्माना की कार्रवाई भी खनन ठेकेदार पर की गई थी। लेकिन, इसके बाद भी खनन प्वाइंट चर्चाओं में रहा। ग्रामीणों का कहना है कि खनन के कारण ही किशोर हादसे का शिकार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *