कैराना शामली

अवैध खनन प्रकरण में एसपी ने बैठाई जांच

— रात के अंधेरे में यमुना नदी में पकड़ा गया था अवैध खनन
— कई पुलिसकर्मियों पर गिर सकती है गाज
कैराना। यमुना नदी में अवैध खनन के प्रकरण में पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका के चलते एसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी को सौंप दी है। सीओ तमाम बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि प्रकरण में संलिप्तता मिलने पर एक अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है।
मंगलवार की देर रात क्षेत्र के गांव बसेड़ा व मंडावर के बीच यमुना नदी में अवैध खनन उजागर हुआ था। एसडीएम स्वप्निल कुमार यादव व सीओ अमरदीप मौर्य ने मौके पर छापेमारी की थी। मौके से जेसीबी मशीन और डंफर पकड़ा था। जबकि छापेमारी से पहले ही माफिया फरार हो गए थे। आशंका व्यक्त की गई है कि स्टाफ के ही किसी कर्मचारी द्वारा सूचना लीक की गई। इस पूरे मामले पर एसपी अभिषेक ने कड़ा संज्ञान लिया है। एसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी श्यामवीर सिंह को सौंप दी है। इसके बाद सीओ तमाम बिंदुओं पर जांच करने में जुट गए हैं। जांच में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कहा जा रहा है कि जांच के बाद एक अधिकारी सहित कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है। दूसरी ओर, अवैध खनन करने वाले माफियाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसे लेकर पुलिसकर्मियों के साथ ही माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। सीओ सिटी श्यामवीर सिंह ने बताया कि वह अवैध खनन में संलिप्त पुलिसकर्मियों की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। वहीं, सीओ कैराना अमरदीप मौर्य ने बताया कि अवैध खनन करने वाले माफियाओं के विरूद्ध भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *