कैराना शामली

यूपी—हरियाणा सीमा पर लगेंगे पिलर, सर्वे शुरू — सर्वे आॅफ इंडिया ने राजस्व टीम के साथ कर रही निशानदेही

यूपी—हरियाणा सीमा पर लगेंगे पिलर, सर्वे शुरू
— सर्वे आॅफ इंडिया ने राजस्व टीम के साथ कर रही निशानदेह
— चंडीगढ़ हाईकोर्ट के आदेश पर लगेंगे 112 पिलर, विवाद का होगा हल
कैराना। यूपी—हरियाणा के किसानों के बीच चल रहे विवाद के हल के लिए सीमा पर पिलर लगाए जाएंगे। इसके लिए चंडीगढ़ हाईकोर्ट के आदेश पर सर्वे आॅफ इंडिया के सर्वेक्षक ने दोनों प्रदेशों की राजस्व टीमों के साथ सर्व का कार्य शुरू कर दिया गया है। मौके पर भूमि की पैमाइश कराते हुए निशानदेही कराई जा रही है। कहा जा रहा है कि सीमा पर 112 पिलर लगाए जाएंगे।
1974 से यूपी व हरियाणा के किसानों के बीच सीमा पर स्थित जमीनों को लेकर विवाद चला आ रहा है। जहां अपने—अपने स्वामित्व को लेकर कई बार संघर्ष हो चुका है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों चंडीगढ़ हाईकोर्ट ने दोनों प्रदेशों की सीमा पर पिलर लगाने के आदेश किए थे। आदेशों के अनुपालन में गुरुवार को सर्वे आॅफ इंडिया चंडीगढ़ के सर्वेक्षक मुकेश जैन टीम के साथ यूपी—हरियाणा सीमा पर पहुंचे। जहां कैराना तहसील से राजस्व कानूनगो नरेश मलिक, हल्का लेखपाल फुरकान व हरियाणा की राजस्व टीम भी पहुंची। टीम ने कैराना क्षेत्र के गांव मंडावर व हरियाणा के गांव राणा माजरा के बीच दोनों प्रदेशों के राजस्व अभिलेखों का मिलान एवं जांच करते हुए भूमि की पैमाइश की गई, जिसके बाद पिलर लगाने हेतु स्थान तय कर निशानदेही की गई। इस दौरान टीम द्वारा वीडियोग्राफी भी की गई। बताया जा रहा है कि टीम का यह सर्वे कार्य कई दिनों तक चलेगा तथा प्रथम चरण में सीमा पर 112 पिलर लगाए जाएंगे। माना जा रहा है कि सीमा पर पिलर लगने के बाद यूपी व हरियाणा के किसानों के बीच दशकों से चल रहा विवाद भी समाप्त हो सकता है।
———
हरियाणा प्रशासन की लेटलतीफी से लटक रहा विवाद
गत आठ अगस्त को गांव मवी—हैदरपुर में यूपी—हरियाणा सीमा पर स्थित 22 बीघा भूमि को स्थानीय प्रशासन ने कब्जामुक्त कराया था। उक्त भूमि तहसील के राजस्व अभिलेखों में नवीन परती की दर्ज है। इसके बाद हरियाणा प्रशासन ने भी भूमि पर अपना स्वामित्व जताया था। एसडीएम कैराना स्वप्निल कुमार यादव ने यूपी—हरियाणा सीमा विवाद के हल के लिए हरियाणा के समालखा एसडीएम को पत्र लिखा था। एसडीएम ने बताया कि हरियाणा प्रशासन की ओर से उनके पत्र का कोई जवाब तक नहीं दिया गया है, जिस कारण यूपी—हरियाणा सीमा विवाद लटका हुआ है।
———
इन्होंने कहा—
सर्वे आॅफ इंडिया चंडीगढ़ द्वारा यूपी—हरियाणा सीमा पर 112 पिलर लगाए जाएंगे। पिलर लगाने के लिए निशानदेही की जा रही है।
— मुकेश जैन, सर्वेक्षक, सर्वे आॅफ इंडिया चंडीगढ़।
———
मौके पर राजस्व टीम को भेजा गया है। मवी गांव में भी सीमा पर स्थित भूमि को लेकर विवाद है। इसके हल के लिए भी बातचीत की जाएगी।
— स्वप्निल यादव, एसडीएम कैराना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *