कैराना। जहानपुरा रोड पर मकान के अंदर पशु मांस अवशेष मिलने से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अवशेष गड्ढे में दबा दिए हैं, जबकि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे डायल-112 पुलिस को सूचना मिली कि नगर के जहानपुरा रोड पर एक मकान के अंदर ठेले पर पशु मांस अवशेष रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां ठेले पर रखे पशु मांस अवशेष बरामद हुए। संभवतः उन्हें कहीं ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने अवशेष कब्जे में ले लिए। जबकि आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके। सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि मकान अहसान व हुसैन का है। मौके से बरामद पशु मांस अवशेष भैंसे के प्रतीत हो रहे थे, जिन्हें गड्ढे में दबवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।