Ph.5

यमुना में मिला अज्ञात शव, कुत्तों ने नोचा
— गोताखोरों ने बाहर निकाला, शिनाख्त नहीं होने पर मोर्चरी के लिए भेजा
कैराना। गांव सहपत—मामौर के बीच यमुना नदी में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को आवारा कुत्ते नोच रहे थे। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शिनाख्त नहीं होने पर शव को मोर्चरी के लिए भेज दिया गया।
बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे गांव सहपत व मामौर के बीच यमुना नदी में आवारा कुत्ते पानी के अंदर एक शव को नोच रहे थे। आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसानों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन—फानन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, मौके पर सीओ अमरदीप मौर्य भी पहुंच गए। इसके बाद प्राइवेट गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोर साजिद, दिलशाद व मुस्तकीम उर्फ बिल्लू ने शव को यमुना नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए, लेकिन कुत्तों द्वारा शव को नोचे जाने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार मौर्य का कहना है कि  मृतक की उम्र करीब 30 से 35 प्रतीत हो रही है। जानवरों द्वारा शव नोचे जाने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को मोर्चरी के लिए भिजवाया गया है। इसके अलावा शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में जानकारी कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!