कैराना शामली

एक दिन अभियान, फिर फर्राटा भर रहे डग्गामार

— डग्गामार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई न होने से नहीं लग रहा प्रतिबंध
— मुख्यमंत्री योगी के आदेशों को ठेंगा दिखाकर हो रहा संचालन
कैराना। मुख्यमंत्री योगी के सख्त आदेशों के बाद भी नगर में सरपट दौड़ते डग्गामार वाहनों पर प्रतिबंध नहीं लग रहा है। दो दिन पहले स्थानीय पुलिस ने अभियान चलाकर चालान कर इतिश्री कर दी, लेकिन इसके बाद फिर से डग्गामार वाहनों का संचालन बेरोकटोक जारी है। इससे न केवल हादसे की आशंका बनी है, बल्कि परिवहन विभाग को भी भारी राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही है। उच्चाधिकारियों का भी इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
कैराना—पानीपत रूट पर जिम्मेदारों की मेहरबानी के चलते डग्गामार वाहनों का संचालन धड़ल्ले के साथ हो रहा है। दो दिन पूर्व मामला समाचार पत्रों की सुर्खियां बनने के बाद पुलिस ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया था और करीब 11 वाहनों के चालान काटे गए थे। इसके बाद सड़कों से डग्गामार वाहन गायब हो गए थे। एक दिन के अभियान के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी। नतीजन, फिर से डग्गामार वाहन फर्राटा भर रहे हैं, जिन्हें कोई रोकने—टोकने वाला नहीं है। इतना भी तब है, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डग्गामार वाहनों और अवैध टैक्सी स्टैंडों पर कार्रवाई के आदेश दिए थे। लेकिन, मुख्यमंत्री के आदेशों को यहां डग्गामार वाहनों के संचालन के चलते ठेंगा दिखाया जा रहा है। पुलिस, यातायात पुलिस, एआरटीओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
———
बसों का टोटा, डग्गामार की कट रही चांदी
नगर के कांधला तिराहा व पालिका मार्किट के निकट से डग्गामार वाहनों का संचालन हो रहा है। कांधला तिराहे पर तो रोडवेज बस स्टैंड भी है, लेकिन वहां बसों का टोटा रहता है। अधिकतर बसें समय पर नहीं मिलती है। यही कारण है कि लोग डग्गामार वाहनों में यात्रा करने को मजबूर होते हैं। ऐसे में डग्गामार वाहन चालकों की चांदी कटी हुई है।
———
आखिर कब लगेगा प्रतिबंध ?
ऐसा नहीं है कि पुलिस और अन्य विभाग डग्गामार वाहनों से अनजान हो, बल्कि जानते हुए भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है। लंबे समय से रसूखदार लोगों के इशारे पर डग्गामार वाहनों से वसूली का खेल चलता है। कुछ दलालों की भूमिका की भी चर्चा होती है। लेकिन, इन वाहनों पर आखिर कब प्रतिबंध लगेगा, यह कहना मुश्किल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *