February 18, 2026

— यूपी व हरियाणा से यमुना पर पहुंचे हजारों श्रद्धालु, पूजा—अर्चना कर लगाई डुबकी
— सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस व गोताखोर रहे तैनात
कैराना। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यूपी व हरियाणा से यमुना नदी पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा—अर्चना कर आस्था की डुबकी लगाई और परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस एवं गोताखोर तैनात रहे।
सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह करीब पांच बजे से ही ट्रैक्टर ट्रालियों, टेंपो, गाड़ियों व अन्य वाहनों द्वारा यमुना नदी के तट पर श्रद्धालुओं पहुंचने शुरू हो गए थे। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए अपने परिवार के साथ यमुना तट पर पहुंची। श्रद्धालुओं ने यमुना किनारे विशेष पूजा—अर्चना की। ठंड के बावजूद महिलाओं व पुरूषों के साथ ही बच्चों ने भी यमुना नदी में स्नान किया और सूर्य अर्घ्य अर्पण किया। वहीं, श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों को मिष्ठान, वस्त्र व दक्षिणा भेंट की। इसके अलावा यमुना किनारे हरियाणा की दिशा में मेला लगा, जिसमें बच्चों ने जमकर खेल—खिलौनों की खरीदारी की। उधर, यमुना किनारे महंत सुभाष गिरी महाराज के आश्रम में हवन यज्ञ के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने हलवा व कढी चवाल का प्रसाद ग्रहण किया।
———
वस्त्र चेंजिंग रूम न होने से महिला हुई परेशान
यमुना नदी पर महिला श्रद्धालुओं के लिए इस बार वस्त्र बदलने हेतु चेंजिंग रूम नहीं बनवाया गया, जिस कारण महिलाओं व युवतियों को स्नान के बाद वस्त्र बदलने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। परिवार की महिलाओं द्वारा चुनरी, साड़ी व अन्य कपड़ों से चारों ओर पर्दा लगाकर वस्त्र बदलवाए गए।
———
लाउडस्पीकर से अनाउंस्मेंट करती रही पुलिस
यमुना नदी पर स्नान के चलते सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार गौरव सांगवान, पुलिस और प्राइवेट गोताखोर तैनात रहे। इसके अलावा पुलिस नांव के माध्यम से यमुना नदी में चक्कर लगाती नजर आई और बार—बार अनाउंस्मेंट कर श्रद्धालुओं से बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान की अपील की जाती रही, ताकि कोई हादसा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!