कैराना शामली

फ्लाईओवर की कम ऊंचाई के विरोध में धरना-प्रदर्शन

कैराना। रिंग रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की कम ऊंचाई के विरोध में ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता ने एडीएम से वार्ता कर समस्या का समाधान करने की मांग की।
   बुधवार को गांव कंडेला के निकट रिंग रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के विरोध में ग्रामीणों ने सांकेतिक रूप से धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कंपनी की ओर से फ्लाईओवर की ऊंचाई कम की जा रही है, जिसके नीचे से गन्नों से लदे ट्रकों का गुजरना भी मुश्किल होगा। वर्तमान में ही ट्रकों में लदे गन्ने फ्लाईओवर के पिलर से ऊपर पहुंच जाते हैं। इस स्थिति में किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, सूचना पर भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनुज चौहान भी धरनास्थल पर पहुंचे। जहां भाजपा नेता ने धरने पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं जानी। ग्रामीणों ने उनसे फ्लाईओवर की ऊंचाई बढ़वाए जाने की मांग की। इसके बाद भाजपा नेता ने एडीएम से वार्ता करते हुए समस्या के समाधान कराए जाने की मांग की। उधर, भाजपा नेता अनुज चौहान ने बताया कि करीब दो घंटे तक ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना दिया था। उनके एडीएम से बात करने पर पता चला कि बुधवार को निर्माण कंपनी के पदाधिकारी को बागपत से मौके पर आना था, लेकिन वह दिल्ली मीटिंग में थे। इस कारण गुरुवार को निर्माण कंपनी के पदाधिकारी के मौके पर पहुंचने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *