कैराना शामली

मामौर झील से 100 बीघा फसल जलमग्न

– चार घंटे की बारिश में झील हुई ओवरफ्लो
– किसानों ने प्रशासन से की झील की आड़ लगवाने की मांग
कैराना। क्षेत्र में चार घंटे तक हुई झमाझम बारिश के कारण मामौर झील एक बार फिर ओवरफ्लो हो गई। इस वजह से किसानों की करीब 100 बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने प्रशासन से झील की आड़ लगवाने तथा मुआवजा दिलवाए जाने की मांग की है।
बुधवार की सुबह करीब तीन बजे से सात बजे तक लगातार चार घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद गांव मामौर में स्थित झील में नगर की निकासी के पानी से दबाव बढ़ गया, जिस कारण रामपाल के खेत की बराबर में झील में के ओवरफ्लो होने से मिट्टी की लगाई गई आड़ बह गई तथा झील का पानी किसानों के खेतों में भर गया। किसान रामपाल, जाबिर, शराफत, इस्लाम, शौकत, सतीश, इस्राइल व रामकिशन आदि किसानों की करीब 100 बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई। इसे लेकर किसानों में अफरा-तफरी मच गई। किसानों ने पानी की रोकथाम कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद प्रशासन को अवगत कराया गया। किसानों ने बताया कि वे आढ़तियों से कर्ज लेकर अपने खेतों में फसल लगाते हैं। फसलों पर ही उनके कर्ज की अदायगी की आस रहती है। परिवार भी निर्भर रहता है। लेकिन, झील से फसलों की बर्बादी को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। दिनभर किसान स्वयं पानी की रोकथाम के प्रयासों में जुटे रहे। किसानों ने प्रशासन से मिट्टी की आड़ लगवाकर पानी की रोकथाम कराने तथा फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *