- अगले 24 घंटे में यमुना का जलस्तर बढ़ाने की संभावन
कैराना। हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा से जल संग्रह बढ़ने और जनपद सोलन के कंडाघाट में बादल फटने के कारण हथिनीकुंड बैराज पर पानी का दबाव अत्याधिक बढ़ गया है। इसके चलते अगले 24 घंटे में यमुना का जलस्तर डेढ़ मीटर तक बढ़ने की संभावना बताई जा रही है।
पिछले काफी दिनों से यमुना नदी का जलस्तर शांत चल रहा था। सोमवार सुबह आठ बजे यमुना नदी का जलस्तर समुद्र तल से 228.85 मीटर पर बह रहा था। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुना के ऊपरी क्षेत्र हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा के चलते पहाड़ों पर जल संग्रह बढ़ गया। इसके अलावा जनपद सोलन के कंडाघाट में बादल फटने से हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव अत्यधिक बढ़ गया, जिसके चलते सोमवार सुबह आठ बजे हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा बढ़ाकर 74748 क्यूसेक प्रति सेकंड हो गई। आने वाले कुछ घंटे में हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा अभी और बढ़ाने की संभावना है। मंगलवार सुबह यमुना का जलस्तर डेढ़ मीटर तक बढ़ने की संभावना बताई जा रही है। कैराना में यमुना नदी का चेतावनी बिंदु 231 मीटर और खतरे का निशान 231.50 मीटर पर है। ड्रनेज विभाग के सहायक अभियंता राजेन्द्र सिंह ने बताया कि हिमाचल में बारिश व बादल फटने के कारण यमुना नदी के जलस्तर बढने की संभावना है।