
आखिर डग्गामार वाहनों पर चला चाबुक, 11 के चालान
– भारत की आज़ादी ,खबर का असर
– आखिकार एक्शन में आई पुलिस, कैराना-पानीपत रूट पर दौड़ते हैं दर्जनों वाहन
कैराना। मुख्यमंत्री के आदेशों को ठेंगा दिखाकर दौड़ रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ आखिरकार पुलिस एक्शन मोड में नजर आई है। पुलिस द्वारा अभियान चलाते हुए 11 डग्गामार वाहनों के चालान काटे गए हैं। इसके चलते डग्गामार चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
नगर के कांधला तिराहा व पालिका मार्किट के निकट से कैराना-पानीपत रूट पर चार दर्जन से अधिक डग्गामार वाहनों का संचालन धड़ल्ले के साथ किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेशों के बावजूद भी इन वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सड़कों पर खड़े होकर सवारियां भरने वाले डग्गामार वाहनों के अतिक्रमण से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा डग्गामार से हादसे की आशंका बनी रहती है। शुक्रवार के अंक में समाचार पत्रों में डग्गामार वाहनों को लेकर खबर प्रकाशित की थी, जिस पर पुलिस एक्शन मोड में नजर आ गई। एसपी अभिषेक के निर्देश पर पुलिस द्वारा डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस ने कांधला तिराहा व शामली रोड पर 11 डग्गामार वाहनों को पकड़ लिया, जिसके बाद उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई। इस अभियान से डग्गामार वाहनों में हड़कंप मचा हुआ है। कोतवाल का कहना है कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।